Home News Business

युवा तय करेंगे शहरों की सरकार : 2015 के निकाय चुनाव के मुकाबले प्रतापगढ़ में 1608, छोटीसादड़ी पालिका क्षेत्र में 984 मतदाता बढ़े,

Pratapgarh
युवा तय करेंगे शहरों की सरकार : 2015 के निकाय चुनाव के मुकाबले प्रतापगढ़ में 1608, छोटीसादड़ी पालिका क्षेत्र में 984 मतदाता बढ़े,
@HelloPratapgarh - Pratapgarh -
  • प्रतापगढ़ : 31835 में से 17146 युवा 18 से 35 साल के
  • छोटीसादड़ी : 14267 में से इस उम्र के 5393 मतदाता
  • 4 जनवरी तक जुड़ चुके नामों की फाइनल सूची बनाई जा रही

प्रतापगढ़ नगर परिषद और छोटीसादड़ी नगर पालिका के चुनाव में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने में युवा मतदाताओं के रुझान का खास महत्व रहेगा। दोनों निकायों 18 से 35 साल के युवा मतदाताओं की संख्या अन्य उम्र के मतदाताओं से ज्यादा है। प्रतापगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में 36 से 60 साल के कुल मतदाताओं को मिलाकर भी इतनी संख्या नहीं होती है जितने 18 से 35 साल के बीच की उम्र के युवाओं की संख्या है।

नगर परिषद में 31 हजार 835 मतदाता हैं। छोटीसादड़ी में 14 हजार 267 वोटर हैं। दोनों नगर निकायों में सिर्फ प्रतापगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में ही एक थर्ड जेंडर का वोट भी है। हालांकि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम में जुड़ने वाले मतदाताओं की लिस्ट अभी अपडेट होना बाकी है। इसके अपडेट होने के बाद अंतिम रूप से मतदाताओं की संख्या सामने आ पाएगी।

प्र​​​​​​तापगढ़ में अभी 18 से 35 साल उम्र के 17 हजार 146 मतदाता हैं। जबकि छोटीसादड़ी में इनकी संख्या 5 हजार 392 है। छोटीसादड़ी में पिछले निकाय चुनाव से अब तक 984 और प्रतापगढ़ में 1608 मतदाता बढ़े हैं। भाजपा, कांग्रेस में पार्षद का टिकट लेने के लिए बैठकों का दौर शुरू हो गया है।

254 मतदाता वाला वार्ड 8 सबसे छोटा, वार्ड 31 में सर्वाधिक वोटर
वर्ष 2015 के चुनाव में नगर परिषद क्षेत्र में कुल 30 वार्ड थे जो अब बढ़कर 40 हो गए हैं। आरक्षण और परिसीमन में वार्डों का गणित बदल गया है। परिषद क्षेत्र में परिसीमन के बाद वार्ड 8 सबसे छोटा हो गया है। यहां कुल 254 मतदाता हैं। इनमें से 126 महिलाएं तो 128 पुरुष मतदाता हैं। वार्ड 31 सबसे बड़ा वार्ड है। इसमें कुल 1429 मतदाता हैं। इनमें से 710 महिलाएं जबकि 719 पुरुष मतदाता हैं। वार्ड 8 क्षेत्र तालाब खेड़ा का है। यह वार्ड अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित है। जबकि वार्ड 31 एरिया पति रोड और परदेसी कॉलोनी जैसे बड़े क्षेत्र वाला वार्ड है। यह सामान्य के लिए आरक्षित है।

वार्ड नंबर 14 सबसे बड़ा, इसमें 932 वोटर, वार्ड 21 सबसे छोटा

छोटीसादड़ी नगर पालिका में वर्ष 2015 के चुनाव में कुल 20 वार्ड थे। परिसीमन के बाद इस बार ये 25 कर दिए हैं। पांच नए वार्ड बनाने के लिए पुराने वार्डों के परिसीमन और आरक्षण की लाटरी में बदलाव हुआ है। अब सबसे बड़ा वार्ड 14 नंबर वाला हो गया है। इसमें 932 मतदाता हैं। नगर में सबसे छोटा वार्ड 21 नंबर वाला है। इसमें 290 मतदाता हैं। आबादी तथा फैलाव के हिसाब से सबसे बड़ा वार्ड 14 नंबर है। इस चुनाव में वार्ड 12, 13, 14, 15 में 700 से ज्यादा मतदाता होने से इन वार्डों में दो-दो मतदान केंद्र बनाए हैं।

शेयर करे

More news

Search
×