राजस्थान विधानसभा उपचुनाव:वल्लभनगर में 71.45 और धरियावद सीट पर 69.38% मतदान

राजस्थान की दो सीटों के लिए शनिवार को हुए विधानसभा उपचुनाव में 70.41 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक चली वोटिंग में वल्लभनगर सीट पर 71.45 प्रतिशत और धरियावद में 69.38 प्रतिशत मतदान हुआ।
दोपहर 3 बजे तक 53.14 और 54.23% हुई थी वोटिंग
3 बजे तक वल्लभनगर में 53.14 प्रतिशत और धरियावद में 54.23 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों सीटों पर परिणाम के लिए निर्णायक साबित होगा मतदान का यह चरण। दोपहर में तेजी से मतदान प्रतिशत बढ़ा।कांटे के मुकाबलों में अंतिम चरण में पड़े वोट ही हार-जीत तय करते हैं।
लसाड़िया को लेकर बीजेपी और झल्लारा को लेकर कांग्रेस आश्वस्त
राजस्थान में दो सीटों पर विधानसभा उपचुनाव में मतदान पूरा हो चुका है। वल्लभनगर और धरियावद की दो सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ था। धरियावद विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के प्रत्याशी अपना-अपना वोट डालने के बाद से पोलिंग बूथों पर सक्रिय रहे। यहां धरियावद, लसाड़िया और झल्लारा तीन पंचायत समितियां हैं। लसाड़िया में जहां बीजेपी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है। वहीं झल्लारा में कांग्रेस अपनी बढ़त को लेकर संतुष्ट है। ऐसे में दोनों प्रत्याशी धरियावद पंचायत समिति में डेरा डाले हुए रहे। सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर पोलिंग बूथ के दौरे पर रहे। जिसका जहां ज्यादा प्रभाव है वे उस इलाके में दौरे कर रहे।
कांग्रेस के नगराज मीणा और बीजेपी के खेतसिंह मीणा दोनों ही सुबह से धरियावद पंचायत समिति के गांवों और मतदान केंद्रों पर ही सक्रिय दिखाई दिए। इस पंचायत समिति पर निर्दलीय उम्मीदवार भी दोनों पार्टियों के वोट काट रहा है। ऐसे में धरियावद में जो पार्टी बढ़त लेगी उसी की ओर सीट का परिणाम झुक सकता है। इसी के चलते दोनों पार्टियों के प्रत्याशी धरियावद सीट पर नजर बनाए हुए रहे। यहां सबसे ज्यादा 1 लाख 29 हजार वोटर हैं।
वल्लभनगर के बंबोरा गांव में कांग्रेस और जनता सेना के कार्यकर्ता भिड़े
उदयपुर के वल्लभनगर विधानसभा में उपचुनाव के दौरान बंबोरा गांव में कांग्रेस और जनता सेना के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। 200 मीटर की परिधि में पोलिंग काउंटर को लगाने पर दोनों पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। ऐसे में पुलिस ने दोनों पार्टी के पोलिंग काउंटर हटा दिए। समझाइश के बाद मामला कराया शांत। हालांकि प्रशासन और पुलिस इस झड़प को पूरी तरह से नकार रहे हैं।

प्रत्याशियों ने डाला वोट


वल्लभनगर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे चारों प्रमुख प्रत्याशियों ने अपना वोट कास्ट किया। आरएलपी प्रत्याशी उदय लाल डांगी ने नांदवेल के मतदान केंद्र पर, तो वही हिम्मत सिंह झाला ने वल्लभनगर के वाजमिया में वोट दिया। वहीं दोनों बेटियों के साथ कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति कुंवर ने भी भिंडर के इंग्लिश मीडियम स्कूल में वोट दिया। जनता सेना प्रत्याशी रणधीर सिंह भिंडर ने भी पत्नी दीपेंद्र कुंवर समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इसी स्कूल में वोट दिया।



वल्लभनगर की यह सीट पिछले 10 माह से खाली पड़ी है। मतदान के लिए वल्लभनगर में 310 और धरियावद में 328 मतदान केंद्र बनाए गए।
उपचुनाव में महिलाओं की भागीदारी चर्चा का विषय
इस चुनाव में वल्लभनगर में महिला मतदाताओं की अच्छी भागीदारी दिखाई दी। स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस चुनाव में महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत बढ़ सकता है। जानकार पहली बार इस सीट से किसी महिला प्रत्याशी के उम्मीदवार होने और महिलाओं में जागरुकता बढ़ने को इसकी एक वजह मान रहे हैं। यहां 1.24 लाख महिला वोटर हैं।

